न्यूयॉर्क: प्यार में लोग किसी भी हद तक गुजर जाने की बातें करते हैं, लेकिन एक रूसी कपल ने इसे सच साबित करने के लिए दुनिया की सबसे प्रसिद्ध इमारतों में शामिल एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी को चुन लिया। न्यूयॉर्क में बुधवार को 1454 फीट की ऊंचाई पर किए गए इस खतरनाक स्टंट ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में 32 वर्षीय इवान बीरकुस (Vanya Birkus) को इमारत के एंटीना के शीर्ष पर घुटनों के बल बैठकर अपनी 33 वर्षीय प्रेमिका एंजेला निकोलाउ (Angela Nikolau) को अंगूठी पहनाते और प्रपोज करते देखा जा सकता है। प्रपोजल के बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और किस किया। यह जोड़ा करीब 10 मिनट तक बिना किसी सेफ्टी गियर के इमारत की नुकीली चोटी पर मौजूद रहा।
स्टंट के दौरान कपल ने एक बड़ा बैनर भी लहराया, जिस पर लिखा था, “When the power of love overcomes the love of power, the world will know peace.” यानी, “जब प्यार की ताकत, ताकत के प्यार पर हावी हो जाती है, तब दुनिया में शांति आती है।”
स्टंट खत्म होने के बाद जैसे ही दोनों नीचे उतरे, न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों पर सेंधमारी, प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध प्रवेश, आपराधिक शरारत और लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस कमिश्नर ने इस कार्रवाई का बॉडीकैम फुटेज भी जारी किया है।
यह कपल अपनी खतरनाक रूफटॉपिंग के लिए पहले से ही दुनिया भर में चर्चित है। दोनों नेटफ्लिक्स की चर्चित डॉक्यूमेंट्री “Skywalkers: A Love Story” का भी हिस्सा रह चुके हैं। एंजेला निकोलाउ खुद को सोशल मीडिया पर “नियो-आर्टिस्ट” बताती हैं और डर तथा आजादी की सीमाओं को चुनौती देने वाले स्टंट करती हैं। इससे पहले भी यह जोड़ा कुआलालंपुर की मर्डेका 118 और सैन फ्रांसिस्को के बे ब्रिज पर बिना सुरक्षा उपकरणों के ऐसे जोखिम भरे स्टंट कर चुका है।
घटना के बाद एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि दोपहर के समय जब ऑब्जर्वेशन डेक पर बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे, तब यह कपल काले कपड़ों और मास्क में सुरक्षा घेरा पार कर ट्रांसमिशन टावर के शीर्ष तक पहुंच गया। हालांकि, बिल्डिंग प्रबंधन का कहना है कि इस घटना से नीचे मौजूद पर्यटकों या किरायेदारों को कोई खतरा नहीं था, लेकिन कपल ने अपनी जान को गंभीर जोखिम में जरूर डाल दिया।
:::
