Homeउत्तर प्रदेशबदायूं में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का...

बदायूं में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

रिपोर्ट : अजयपाल यादव

बदायूं: कादर चौक थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। साथ ही स्थानीय पुलिस पर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका के पिता का कहना है कि उनकी बेटी विनीता की शादी वर्ष 2021 में लक्ष्मण नगला निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। कई बार इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, जिसके बाद समझौते के तहत विनीता को दोबारा ससुराल भेजा गया था।

परिजनों के अनुसार, 28 जून को विनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular