Homeउत्तर प्रदेशयूपीएसएसएफ की उच्चस्तरीय समिति ने आगरा मेट्रो और जिला न्यायालय की सुरक्षा...

यूपीएसएसएफ की उच्चस्तरीय समिति ने आगरा मेट्रो और जिला न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

रिपोर्ट – ममता भारद्वाज

उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) की उच्चस्तरीय समिति ने शुक्रवार को आगरा मेट्रो और जनपदीय न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।

पुलिस महानिदेशक, यूपी विशेष सुरक्षा बल के निर्देश और पुलिस उपमहानिरीक्षक के मार्गदर्शन में सेनानायक डॉ. एम.पी. सिंह के नेतृत्व में गठित समिति ने सुरक्षा संसाधनों, जवानों की तैनाती और उपलब्ध व्यवस्थाओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान समिति ने आगरा मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर तैनात यूपीएसएसएफ कर्मियों से सुरक्षा उपकरणों के संचालन, हथियारों के उपयोग, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और प्रतिबंधित सामान की जांच संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद मेट्रो डिपो स्थित ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) का निरीक्षण कर वीडियो सर्विलांस और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

इसके बाद समिति ने जनपदीय न्यायालय परिसर का दौरा कर सभी प्रवेश द्वारों पर चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जवानों की तैनाती, आवासीय सुविधाओं तथा उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों और हथियारों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान न्यायालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं एडीजे-01 पुष्कर उपाध्याय के साथ बैठक कर न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर सहायक सेनानायक धर्मेंद्र सिंह, राजीव यादव, आगरा मेट्रो प्रभारी सुशांत गौर, न्यायालय सुरक्षा प्रभारी मुकेश यादव, निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार, निरीक्षक प्रवीण कुशवाह, निरीक्षक सौरभ सचान, निरीक्षक गंगा सागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular