Homeदेश विदेश5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर मुंबई में बैंककर्मियों का प्रदर्शन

5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर मुंबई में बैंककर्मियों का प्रदर्शन

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला 

मुंबई।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर बुधवार, 12 अगस्त 2026 को मुंबई में बैंककर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन शाम 5:30 बजे हॉर्निमन सर्कल, फोर्ट स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न बैंक यूनियनों से जुड़े बड़ी संख्या में बैंककर्मी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को जल्द लागू करने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन काम करने की व्यवस्था कई वित्तीय और सरकारी संस्थानों में पहले से लागू है, ऐसे में बैंकिंग क्षेत्र में भी इसे लागू किया जाना चाहिए।

बैंककर्मियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इस मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन, धरना, रैली और अन्य माध्यमों से आंदोलन किए जा चुके हैं। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और काम के दबाव में भी कमी आएगी।

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों को सप्ताह में छह दिन काम करना पड़ता है। कर्मचारियों ने मांग की कि अन्य वित्तीय संस्थानों की तर्ज पर बैंकों में भी पांच कार्य दिवस की व्यवस्था लागू की जाए।

बैंककर्मियों ने यह भी कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग लागू होने पर बैंकिंग सेवाओं को प्रभावित किए बिना कार्य समय में आवश्यक समायोजन किया जा सकता है। कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर एकजुटता दिखाते हुए केंद्र सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान  UFBU जिंदाबाद, AIBOC जिंदाबाद और CBOA जिंदाबाद  के नारे लगाए गए। बैंककर्मियों ने स्पष्ट किया कि यदि पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular