तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान प्रतिमा पर अंडे फेंके जाने के आरोप के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना मदानपेट थाना क्षेत्र में संतोष नगर होटल लेन के पास की बताई जा रही है। घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के लोगों ने प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, देर रात डायल 100 पर सूचना मिली थी कि विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने दुर्गा माता की प्रतिमा पर अंडे फेंके हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में देर रात तनाव का माहौल बन गया। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर किए जाने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले महाराष्ट्र के वाशिम जिले में भी दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद की घटना सामने आई थी। वहां गुलाल उड़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था।
