लखनऊ: खुर्रम नगर स्थित पेट्रोल पंप परिसर में संचालित पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब रेस्टोरेंट में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग एसी के कंप्रेसर में विस्फोट होने के बाद लगी। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि पास स्थित बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से आग रेस्टोरेंट तक पहुंची। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि संबंधित रेस्टोरेंट पेट्रोल पंप परिसर में अवैध रूप से संचालित हो रहा था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था। यदि उस समय ग्राहकों की मौजूदगी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रेस्टोरेंट के ठीक सामने स्थित जगरानी अस्पताल के कर्मचारियों ने भी तत्काल सबमर्सिबल से पाइप जोड़कर पानी का छिड़काव शुरू किया, जिससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट से महज 15 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप का भूमिगत ईंधन टैंक (पेट्रोल कुआं) मौजूद है। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से रेस्टोरेंट के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शुरुआती तौर पर एसी कंप्रेसर फटने की आशंका जताई जा रही है।
