रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुजरिया थाना क्षेत्र में ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा मुजरिया चौराहे के पास हुआ। ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर जा रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और ट्रैक्टर पर सवार जितेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में कैंटर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए बिल्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलते ही मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
