HomeUncategorizedअहिल्याबाई नगर में जलभराव से लोगों का फूटा गुस्सा, तिरंगा लेकर किया...

अहिल्याबाई नगर में जलभराव से लोगों का फूटा गुस्सा, तिरंगा लेकर किया प्रदर्शन

रिपोर्ट – अजयपाल यादव

जगत ब्लॉक की नई बस्ती अहिल्याबाई नगर में पिछले कई दिनों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। मुख्य सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। समस्या से नाराज क्षेत्रवासी रविवार को तिरंगा हाथ में लेकर सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्लॉक गेट के पास स्थित मुख्य सड़क लंबे समय से जलमग्न है। इसके चलते महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, किसानों और मजदूरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों के अनुसार जलभराव के कारण बीमारों और बच्चों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

समस्या के विरोध में समाजसेवी डॉ. महेंद्र सिंह बघेल तिरंगा लेकर क्षेत्रवासियों के साथ सड़क पर उतरे और प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण तथा जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे।

वहीं, आईजीआरएस जांच रिपोर्ट में सड़क निर्माण को वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किए जाने की बात कही गई है। खंड विकास अधिकारी लटूर सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण और जल निकासी कार्य के लिए जिलाधिकारी को अनुमति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular