रिपोर्ट -अजयपाल यादव
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सादपुर गांव में बारात के दौरान डीजे की ऊंची रंगशाला ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। ट्रॉली में करंट फैलने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12 बजे बारात गांव की गलियों से गुजर रही थी। इसी दौरान डीजे की ऊंची ट्रॉली रास्ते में गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गई। तार के संपर्क में आते ही पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में आपिल यादव, पुत्र धर्मपाल यादव, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्री ओम सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद लकड़ी और डंडों की मदद से घायलों को करंट की चपेट से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण नीचे लटक रही हाईटेंशन बिजली लाइन और डीजे ट्रॉली की अधिक ऊंचाई माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
