HomeUncategorizedयूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, 5 अगस्त को...

यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, 5 अगस्त को लखनऊ में होगा ‘महाजुटान’

लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। 5 अगस्त को जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी पार्टी का बड़ा महाजुटान आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम की जानकारी बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पाण्डेय ने प्रयागराज में दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश और प्रदेश के समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतंत्र और संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय को बढ़ावा देना और समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करना है।

सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक जयंती समारोह नहीं होगा, बल्कि यह समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और उसके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सामाजिक वर्गों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर ब्राह्मण समाज, में राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता बढ़ी है।

सनातन पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा सामाजिक समरसता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सपा शासनकाल में माता प्रसाद पाण्डेय जैसे वरिष्ठ नेता को विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया था, जो इस समावेशी सोच का उदाहरण है।

सांसद ने कहा कि समाजवादी विचारधारा देश की विविधता और बहुलता को एकजुट रखने में सक्षम है। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना आज समय की आवश्यकता है।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी हमेशा से संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करती रही है और आगे भी सामाजिक न्याय एवं समानता के सिद्धांतों पर कार्य करती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular