लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। 6 से 11 जुलाई तक प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन महाअभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत गन्ना किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) जैसी केंद्र सरकार की प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन और वृद्धावस्था में स्थिर आय का सहारा देना है।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के व्यापक विस्तार से दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु और वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में किसान परिवारों को मजबूत आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में स्थिरता और किसानों की आय सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अभियान में सहकारी गन्ना विकास समितियां अहम भूमिका निभाएंगी। वे किसानों को योजनाओं की जानकारी देने, नामांकन कराने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य करेंगी। समिति स्तर पर यह व्यवस्था किसानों की सेवा के साथ सामाजिक सुरक्षा का मजबूत संस्थागत ढांचा तैयार करेगी।
अभियान के दौरान हर गन्ना समिति परिसर में बैंक, इफ्को, चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से विशेष सहायता और नामांकन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां किसानों को एक ही स्थान पर जानकारी, दस्तावेज सत्यापन, बैंकिंग सहायता और तत्काल नामांकन की सुविधा मिलेगी। नए बैंक खाते खोलने और पंजीकरण की प्रक्रिया भी आसान बनाई जाएगी।
महिला किसानों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को बीमा और पेंशन योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक निर्णयों में अधिक सशक्त बनाने का प्रयास होगा। इससे परिवारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा, गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी किसानों तक पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देंगे। ग्राम सभाओं और किसान गोष्ठियों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र परिवारों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।
