रिपोर्ट -अजयपाल यादव
बदायूं (बिल्सी): बदायूं के बिल्सी तहसील क्षेत्र के उघैती गांव में 8 वर्षीय एक मासूम की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि करीब एक माह पहले बच्चे को कुत्ते ने काटा था, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिवार का आरोप है कि रेबीज संक्रमण के कारण बच्चे की जान गई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

परिजनों के अनुसार, कुत्ते के काटने के कुछ समय बाद बच्चे में पानी और हवा से डर लगने जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। हालत गंभीर होने पर पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत के कारण की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही की जाएगी।
यदि जांच में रेबीज संक्रमण की पुष्टि होती है, तो यह मामला कुत्ते के काटने के बाद समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) और आवश्यक उपचार कराने की अहमियत को एक बार फिर रेखांकित करेगा।
