लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृक्षारोपण महाभियान-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ पौधे लगाकर जनभागीदारी का नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन बनना चाहिए। इसे औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के भाव से सफल बनाया जाए।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसहभागिता के माध्यम से 2030 तक 15 प्रतिशत और 2047 तक 20 प्रतिशत हरित आवरण का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में वन एवं वृक्षावरण बढ़ाने के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और अब राज्य हरित विकास के नए लक्ष्यों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से वृक्षारोपण महाभियान को उत्सव के रूप में सफल बनाने की अपील की।
