पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल की बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। यह कार्रवाई उस समय हुई जब आरोपी को घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट (घटनाक्रम दोबारा समझने) के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि देर रात करीब 12:45 बजे जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ आरोपी को सूर्यपुर स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें प्रभाष मंडल घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कही आत्मरक्षा में कार्रवाई की बात
पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा हथियार छीनकर भागने और पुलिस पर हमला करने की कोशिश के बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
क्या है बरुईपुर रेप-मर्डर मामला?
बरुईपुर क्षेत्र में 5 जुलाई को एक तालाब से 12 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ था। बच्ची एक दिन पहले से लापता थी। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म की पुष्टि फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। रिपोर्ट में ‘एंटे-मॉर्टम डूबने’ (जीवित अवस्था में पानी में डूबने) के संकेत भी मिले हैं, जिससे जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बच्ची को पहले एक झोपड़ी में ले जाया गया, जहां अन्य आरोपी मौजूद थे। पुलिस का यह भी कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन की बात सामने आई है। हालांकि, सभी तथ्यों की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही होगी।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। प्रभावित क्षेत्रों में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
