अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हालिया प्रशासनिक बदलावों के बीच एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक गोपाल राव ने मंदिर परिसर छोड़ दिया है और 6 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक के दौरान ही कारसेवक पुरम में शिफ्ट हो गए थे।
सूत्रों का दावा है कि गोपाल राव को ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य के पद से पहले ही हटा दिया गया था। साथ ही उनका कार पास भी जमा करा लिया गया, जिसके बाद मंदिर परिसर में उनकी प्रशासनिक भूमिका समाप्त हो गई।
बताया जा रहा है कि यह बदलाव ट्रस्ट में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है। चढ़ावा प्रकरण के बाद ट्रस्ट में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं और गोपाल राव का मंदिर परिसर छोड़ना भी इन्हीं घटनाक्रमों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस बीच, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी से मुलाकात के लिए अयोध्या के संतों का एक प्रतिनिधिमंडल वैदेही भवन पहुंचा। बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान गोपाल राव भी वहां पहुंचे और गोविंद देवगिरी से चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में ट्रस्ट से जुड़े मौजूदा हालात पर चर्चा हुई। वहीं, अयोध्या राजपरिवार से जुड़े यतींद्र मोहन मिश्रा भी वैदेही भवन पहुंचे। माना जा रहा है कि ट्रस्ट के रिक्त पदों में से एक पर उन्हें सदस्य बनाए जाने की संभावना है, हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
