Homeउत्तर प्रदेशआय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व ARTO के घर विजिलेंस की...

आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व ARTO के घर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 35 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर दो दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, अचल संपत्तियों के दस्तावेज और विभिन्न निवेश से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं। विजिलेंस ने बरामद संपत्तियों का प्रारंभिक मूल्यांकन करीब 35 करोड़ रुपये बताया है।

घर के अलग-अलग हिस्सों से मिला 1.62 करोड़ रुपये नकद

विजिलेंस टीम ने 7 और 8 जुलाई को कोर्ट से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर अलीगंज की चंद्रलोक कॉलोनी स्थित आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के बिस्किट और आभूषण भी मिले।

13 किलो सोना और 9 किलो चांदी बरामद

तलाशी के दौरान बरामद सोने और चांदी का सरकार से मान्यता प्राप्त मूल्यांकनकर्ता से आकलन कराया गया। जांच में करीब 13 किलोग्राम सोना और 9 किलोग्राम चांदी मिलने की पुष्टि हुई, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में संपत्तियों के दस्तावेज मिले

जांच के दौरान लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज और बालकगंज सहित कई क्षेत्रों में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए। इसके अलावा नोएडा में दो फ्लैट की बुकिंग तथा बाराबंकी और रायबरेली में भूमि संबंधी दस्तावेज भी मिले। इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई गई है।

वाहन, हथियार और निवेश के दस्तावेज भी मिले

विजिलेंस को तलाशी के दौरान टोयोटा इनोवा, हुंडई i20, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर तथा बैंक, डाकघर, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। जांच में घर की साज-सज्जा और महंगे घरेलू सामान पर बड़े खर्च के प्रमाण भी सामने आए हैं।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज है मामला

ललित कुमार के खिलाफ यूपी विजिलेंस की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आय से अधिक संपत्ति के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अदालत से सर्च वारंट लेकर यह कार्रवाई की गई।

टीम को मिलेगा पुरस्कार

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि बरामद संपत्तियों और निवेश का सत्यापन कर उन्हें विवेचना का हिस्सा बनाया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक, सतर्कता अधिष्ठान ने लखनऊ सेक्टर की टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular