रिपोर्ट – अजयपाल यादव
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक दरोगा को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी दरोगा ने बिजली चोरी से जुड़े एक मामले में कार्रवाई से राहत दिलाने, जेल न भेजने और केस के निस्तारण के नाम पर शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित युवक ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और ट्रैकिंग के दौरान आरोपी दरोगा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई थाना एंटी पावर थेफ्ट, बदायूं परिसर स्थित डिवीजन द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय में की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एंटी करप्शन टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
