लखनऊ: बंथरा थाना क्षेत्र के मवई पड़ियाना गांव में बकरी से बाइक टकराने के बाद हुई मारपीट में घायल 30 वर्षीय जितेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिपाल सिंह को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो दारोगाओं को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 27 जून को मवई पड़ियाना निवासी जितेंद्र बाइक से मवई चौराहे जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक बकरी से टकरा गई। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर गांव के महिपाल सिंह और उसके भतीजों ने जितेंद्र की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान करीब 10 दिन बाद जितेंद्र की मौत हो गई। इसके बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने बंथरा पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए फतेहगंज-नारायणपुर मार्ग पर करीब चार घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने महिपाल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।
मामले में लापरवाही सामने आने पर हल्का प्रभारी दारोगा प्रवीण पाल और घटना के दिन रात्रि ड्यूटी पर तैनात दारोगा शशांक मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
