Homeउत्तर प्रदेशव्यापारियों के लिए प्रदेशभर में लगेंगे मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, आदर्श व्यापार मंडल...

व्यापारियों के लिए प्रदेशभर में लगेंगे मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, आदर्श व्यापार मंडल और मेदांता के बीच हुआ एमओयू

लखनऊ। व्यापारियों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल और मेदांता हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अयोध्या रोड स्थित व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में “स्वास्थ्य चर्चा कार्यक्रम” आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थाओं के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत प्रदेश के प्रमुख जिलों में संयुक्त रूप से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में मेदांता हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. सरन ने हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, प्रतिदिन तेज कदमों से सुबह की सैर और समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराने से हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

हार्ट अटैक के शुरुआती चार घंटे सबसे महत्वपूर्ण

डॉ. सरन ने कहा कि जिन लोगों के परिवार में हृदय रोग का इतिहास रहा है, उन्हें नियमित जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि हार्ट अटैक आने के बाद शुरुआती चार घंटे ‘गोल्डन आवर’ माने जाते हैं। इस दौरान समय पर इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि कैल्शियम स्कोर अधिक आता है तो यह हृदय रोग की शुरुआती चेतावनी हो सकती है। ऐसे मामलों में डॉक्टर की सलाह के अनुसार तत्काल उचित उपचार शुरू करना चाहिए।

प्रदेशभर में लगाए जाएंगे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता और मेदांता हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आर.के. सरन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थाएं मिलकर उत्तर प्रदेश के प्रमुख जिलों में व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेंगी। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी : संजय गुप्ता

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि अधिकांश व्यापारी कारोबार की व्यस्तता में अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। बाद में बीमारी आने पर वही कमाई इलाज में खर्च करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए, योग और सुबह की सैर को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए तथा नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश मंत्री संदीप सिंह गौर, संजय त्रिवेदी, राजीव शुक्ला, संजय कुमार गुप्ता, अंशु श्रीवास्तव, आशीष शर्मा, प्रवीण मिश्रा, धर्मेंद्र तिवारी, सुफल वर्मा, अंजलि मौर्या, नारायण मौर्या, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद फुरकान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular