मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (12 जुलाई) को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ करेंगे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप पवित्र त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) तथा आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री का पौधा लगाएंगे। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे। इस वर्ष प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर जिले को 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह अभियान 27 विभागों के समन्वय से संचालित होगा, जिसमें सबसे अधिक लक्ष्य वन विभाग को दिया गया है।
गोरखपुर के प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि जिले में लक्ष्य के अनुरूप सभी पौधशालाओं में गुणवत्तापूर्ण पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। पौधों की बेहतर वृद्धि और संरक्षण के लिए चिन्हित स्थलों पर गड्ढों की खुदाई, मिट्टी की व्यवस्था, पौध संरक्षण सहित सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं।
गोरखपुर में एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य पाने वाले विभाग
वन विभाग – 19,37,000 पौधे
ग्राम विकास विभाग – 18,61,000 पौधे
कृषि विभाग – 5,76,000 पौधे
उद्यान विभाग – 2,85,000 पौधे
पर्यावरण विभाग – 2,38,000 पौधे
पंचायती राज विभाग – 2,02,000 पौधे
राजस्व विभाग
– 1,43,000 पौधे
