कुशीनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने युवाओं का रोजगार छीना, वे अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे आस्था केंद्रों के महत्व को कभी नहीं समझ सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों के नाम पर आने वाली धनराशि का दुरुपयोग होता था, जबकि आज प्रदेश में मंदिरों का पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों की परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए तथा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।
इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुशीनगर दिमागी बुखार (इंसेफेलाइटिस), पलायन और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, लेकिन सरकार की प्रभावी रणनीति, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण और स्वच्छता अभियानों के चलते इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है।
मुसहर परिवारों को मिली योजनाओं का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने मुसहर समाज सहित वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। इन परिवारों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त राशन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और भूमि के पट्टे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।।
शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई है। साथ ही उन्हें दुर्घटना बीमा का लाभ भी दिया जा रहा है।
कुशीनगर एयरपोर्ट का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जल्द ही जेवर और गया से हवाई सेवाओं के माध्यम से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण कराया गया है और रामकोला-कसया मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी जल्द स्वीकृत किया जाएगा।
कृषि, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि कुशीनगर में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां इसी सत्र से प्रवेश शुरू होंगे। केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए टिश्यू कल्चर लैब स्थापित की जा रही है। साथ ही रामाभार स्तूप और हिरण्यवती नदी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
लाभार्थियों को बांटे चेक और स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, कृषि यंत्र, सिलाई मशीन, प्रशस्ति पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर मंत्री दारा सिंह चौहान, सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय दुबे, सांसद रवि किशन, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
