Homeउत्तर प्रदेशआगरा: एम्बुलेंस की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 80 पेटी...

आगरा: एम्बुलेंस की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 80 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ 5 गिरफ्तार

रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज

आगरा। आगरा पुलिस ने एम्बुलेंस की आड़ में चल रहे शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 80 पेटी अंग्रेजी शराब, एक एम्बुलेंस और एक थार एसयूवी बरामद की है। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 10.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप हरियाणा और पंजाब से बिहार भेजी जा रही थी। तस्कर एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर सायरन बजाते हुए ट्रैफिक से आसानी से रास्ता बना लेते थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं होता था।

पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस के आगे एक थार गाड़ी पायलट वाहन के रूप में चलती थी। आरोपी हर राज्य में प्रवेश से पहले एम्बुलेंस और थार की नंबर प्लेट बदल देते थे, ताकि पुलिस की निगरानी से बच सकें।

यह कार्रवाई आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में की गई। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

इस मामले में डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार ने बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular