रिपोर्ट: अजयपाल यादव
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हजरतपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा मार्का शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक से 23,952 बोतल अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रक मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा मार्का अवैध शराब की बड़ी खेप ट्रक के जरिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर हजरतपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शराब की खेप जब्त कर ली।

कार्रवाई के दौरान ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, किन लोगों के माध्यम से भेजी जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
