रिपोर्ट: अजयपाल यादव | बदायूं
बदायूं। जिले के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित बदरपुर प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जहरीला कोबरा क्लासरूम में घुस गया। कोबरा को देखते ही छात्र-छात्राएं और शिक्षक घबरा गए और कक्षाएं छोड़कर बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोबरा क्लासरूम की खिड़की पर करीब दो घंटे तक बैठा रहा, जिससे पूरे विद्यालय में दहशत का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि विद्यालय जंगल और घनी झाड़ियों से घिरा हुआ है। घटना के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने विद्यालय के आसपास की झाड़ियों की सफाई कराने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हालांकि, इस घटना में किसी छात्र या शिक्षक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन लंबे समय तक विद्यालय में भय का माहौल बना रहा।
