रिपोर्ट -दीपक अवस्थी
औरैया। शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ, जनपद औरैया की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को तिलक इंटर कॉलेज के सभागार में जिलाध्यक्ष पुष्पक शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव सुनील कुमार राठौर की अनुपस्थिति में मंडल सचिव उमेश कुमार त्रिपाठी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षक दिवस के अवसर पर गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, संविदा कर्मियों और रसोइयों को प्रदान की है, लेकिन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों (लिपिक एवं चतुर्थ श्रेणी) को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। इससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष है।
महासंघ ने प्रदेशीय आह्वान पर 7 अगस्त 2026 को शिक्षा महानिदेशक कार्यालय, निशातगंज (लखनऊ) पर विशाल धरना-प्रदर्शन में भाग लेने का निर्णय लिया। प्रदेश सचिव राधारमण तिवारी ने औरैया से कम से कम 100 कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिला कोषाध्यक्ष ध्रुव पाण्डेय ने प्रत्येक विद्यालय से कम से कम पांच कर्मचारियों से आकस्मिक अवकाश लेकर सुबह 11 बजे तक धरना स्थल पहुंचने की अपील की।

बैठक में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने भी अपनी समस्याएं उठाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रधान लिपिक द्वारा उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के एक पटल सहायक पर ज्वाइनिंग कराने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना है कि डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद उन्हें ज्वाइनिंग लेटर जारी नहीं किए गए हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिला विद्यालय निरीक्षक और उच्च शिक्षा अधिकारियों से मिलकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि शिक्षणेत्तर एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान तिलक इंटर कॉलेज के सहायक लिपिक एवं मंडल सचिव उमेश कुमार त्रिपाठी के प्रधान लिपिक पद पर पदोन्नत होने पर संगठन की ओर से उनका माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार कठेरिया, सौरभ अवस्थी, दिलीप कुमार बाथम, देवकीनंदन, अतुल कुमार पोरवाल, रागिनी राजपूत, निशा राजपूत, कृष्णपाल सिंह बघेल, आकाश त्रिपाठी, धर्मवीर, साहेल शर्मा, प्रतीक दुबे, बंसल कुमार, संतोष कुमार, प्रदीप कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, हरिकृष्ण द्विवेदी, अभय कुमार बाजपेयी, श्याम सुंदर, दिनेश चंद्र, बृजेश बाबू, अखिलेश कुमार, बीनू शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
