Homeउत्तर प्रदेशUP Cabinet Meeting: आज योगी कैबिनेट की बैठक, 20 से अधिक प्रस्तावों...

UP Cabinet Meeting: आज योगी कैबिनेट की बैठक, 20 से अधिक प्रस्तावों पर लगेगी मुहर; दो नए एक्सप्रेसवे को मिल सकती है मंजूरी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार, 21 जुलाई को सुबह 10:30 बजे उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में 20 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। इनमें प्रदेश के सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क को विस्तार देने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी शामिल हैं।

कैबिनेट में प्रयागराज से सोनभद्र तक करीब 330 किलोमीटर लंबे नए एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके अलावा विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव पर भी निर्णय हो सकता है। करीब 117 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़े जाने की योजना है।

इसके साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे समेत अन्य परियोजनाओं के ईपीसी मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता के चयन से संबंधित प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।

बैठक में महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह विभाग, उच्च शिक्षा, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और सहकारिता विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

विधानमंडल के मानसून सत्र पर भी फैसला संभव

कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश विधानमंडल का आगामी मानसून सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर भी फैसला हो सकता है। सत्र अगस्त के पहले सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान सरकार अपने विधायी कार्य निपटाएगी। वहीं, विपक्ष की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की भी संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular