लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का सोमवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शंखनाद हो गया। इस दौरान मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने लीग के उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए। लीग का भव्य उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा।
उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलस अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इसके अलावा भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। समारोह का संचालन जाने-माने एंकर जतिन सप्रू करेंगे।
349 और 499 रुपये में मिलेंगे टिकट
उद्घाटन समारोह के लिए 4000 टिकट रियायती दरों पर लॉन्च किए गए हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये में उपलब्ध होगी। टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगे। दर्शक ई-डिस्ट्रिक्ट ऐप के जरिए भी टिकट खरीद सकेंगे।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में भी लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। इस बार यूपी टी-20 लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।
ग्रीन पार्क और वाराणसी स्टेडियम को लेकर भी बड़ा अपडेट
अवनीश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। लीग के समापन के बाद कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण किया जाएगा। वहीं वाराणसी में तैयार हो रहा नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम जल्द प्रदेश को समर्पित किया जाएगा। गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है।
महिला यूपी टी-20 लीग शुरू करने का सुझाव
अवनीश अवस्थी ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला लीग शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में कम से कम चार टीमों के साथ महिला लीग की शुरुआत की जा सकती है। इस पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इस दौरान पैरा तीरंदाज शीतल देवी के संघर्ष और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। उनके अदम्य साहस और खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
पहली बार दो शहरों में होगी यूपी टी-20 लीग
गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पहली बार यूपी टी-20 लीग का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। लीग का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जहां उद्घाटन समारोह समेत कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे।
इसके बाद दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में खेला जाएगा। उद्घाटन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
