श्रावस्ती/बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को श्रावस्ती और बहराइच के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों जिलों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री श्रावस्ती में लव-कुश की जन्मस्थली मानी जाने वाली सीताद्वार पहुंचकर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
श्रावस्ती में सीएम योगी करीब 400 करोड़ रुपये की 83 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद बहराइच के बेड़नापुर में आयोजित कार्यक्रम में वह करीब 350 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस तरह दोनों जिलों में कुल करीब 750 करोड़ रुपये की 153 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है।
श्रावस्ती में तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर श्रावस्ती प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने इकौना विकासखंड स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को हेलीपैड का निर्माण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पेयजल, बिजली और साफ-सफाई पर विशेष जोर
कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने पंचायत सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई समेत सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
पेयजल की जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारी, बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता विद्युत और साफ-सफाई की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई है।
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान विधायक राम फेरन पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
