HomeUncategorizedUP विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से, योगी कैबिनेट ने दी...

UP विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का वर्ष 2026 का तृतीय सत्र 3 अगस्त 2026 से शुरू होगा। मंगलवार को हुई योगी कैबिनेट की बैठक में विधानसभा और विधान परिषद के सत्र को आहूत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

लोक भवन के मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता के दौरान वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि आगामी सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा। इसके अलावा अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण विधायी एवं शासकीय कार्य भी संपादित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य विधानमंडल का पिछला सत्र 30 अप्रैल को आहूत हुआ था और 7 मई 2026 से सत्रावसान कर दिया गया था। संविधान के अनुच्छेद-174 के अनुसार दो सत्रों के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं हो सकता। इसी संवैधानिक व्यवस्था के तहत आगामी सत्र 3 अगस्त से बुलाने का निर्णय लिया गया है।

सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक अनुदानों की मांगें विधानमंडल के समक्ष रखी जाएंगी। साथ ही, पिछले सत्रावसान के बाद सरकार द्वारा जारी किए गए अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक भी सदन में प्रस्तुत कर पारित कराए जाएंगे। इसके अलावा अन्य आवश्यक विधायी और शासकीय कार्य भी किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular