Homeउत्तर प्रदेशभारी बारिश के बीच कुशीनगर में किसान महापंचायत, हजारों किसानों ने उठाई...

भारी बारिश के बीच कुशीनगर में किसान महापंचायत, हजारों किसानों ने उठाई समस्याओं की आवाज

भारी बारिश के बीच कुशीनगर जिले में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं उठाईं। तमकुही विधानसभा क्षेत्र के किसान पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय किसान मंच के बैनर तले आयोजित महापंचायत में किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय किसान मंच के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्वांचल संगठन प्रभारी शंभू राय ने स्वर्गीय गेंदा सिंह बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। महापंचायत की अध्यक्षता शंभू राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि राष्ट्रीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर दीक्षित रहे।

महापंचायत को संबोधित करते हुए शेखर दीक्षित ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री के पड़ोसी जिले में किसानों की समस्याओं की अनदेखी होना चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रीय किसान मंच बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

महापंचायत के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन को 17 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। किसान नेताओं ने मांगों पर जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की।

कार्यक्रम को किसान नेता रजनीकांत चतुर्वेदी, अमरनाथ गुप्ता, संतोष सिंह सोखा और पूर्व छात्र नेता रमेश यादव समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम यादव ने किया।

महापंचायत को सफल बनाने में तमकुही क्षेत्र के किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में रजनीकांत चौबे, गिरिधारी कुशवाहा, राम इकबाल कुशवाहा, संतोष कुमार सिंह, जय प्रकाश यादव, अमरनाथ गुप्ता, गिरिजेश जायसवाल, जेके सिंह, रमेश चंद यादव, कृष्णा राय, अवधनाथ ठकुराई, राजेश यादव, जितेंद्र प्रधान, अरुणेंद्र राय, अवधेश राय, श्रीनिवास कुशवाहा, संतोष राय, नन्हे राय, विवेक यादव और दीपू राय समेत बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular