गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गुप्त नवरात्र के अवसर पर तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। सीएम योगी ने मां के चरणों में शीश झुकाया और आरती उतारकर सुखी, स्वस्थ और समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और साफ-सफाई को लेकर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान सीएम योगी ने मंदिर पहुंचे लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री को देखकर कुछ बच्चे उनके पास पहुंच गए। सीएम योगी ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भी दी। मुख्यमंत्री ने इससे पहले 6 जून को भी मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन किए थे।
सीएम योगी मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया।
बुधवार सुबह दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से भी मुलाकात की। इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
दर्शन-पूजन के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी और कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास जी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और हरा चारा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोशाला पहुंचकर गो माता की सेवा भी की। उन्होंने गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाया और उनकी देखभाल की।
