गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रार्थना पत्रों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि पैसे की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की ओर से समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान
जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से पेश आते हुए उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।
पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने पहले आपसी संवाद के जरिए समाधान का प्रयास करने और जरूरत पड़ने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशाला पहुंचकर सीएम योगी ने की गौसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया।
सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर की गौशाला भी पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंश को गुड़ खिलाकर गौसेवा की। उन्होंने गौशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश की देखभाल की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
