HomeUncategorizedलखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में बड़ा एक्शन, दोषी LDA इंजीनियरों पर बर्खास्तगी...

लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में बड़ा एक्शन, दोषी LDA इंजीनियरों पर बर्खास्तगी की तैयारी

राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के मामले में अब कार्रवाई का दायरा बढ़ने की तैयारी है। शुरुआती जांच में जिम्मेदार पाए गए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के इंजीनियरों पर अब बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा सकती है। इसको लेकर आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है।

शासन ने एलडीए से संबंधित अभियंताओं का पूरा सेवा रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। इसमें उनकी नियुक्ति से लेकर तैनाती और सेवानिवृत्ति तक की पूरी जानकारी शामिल है। इसके साथ ही विभाग ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी है।

इन इंजीनियरों का मांगा गया रिकॉर्ड

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के अनु सचिव राम निहोर ने एलडीए उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर संबंधित अभियंताओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शासन ने कार्यरत अधिकारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त अभियंताओं का भी रिकॉर्ड मांगा है।

जिन अधिकारियों और अभियंताओं का विवरण मांगा गया है, उनमें तत्कालीन सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता रवीन्द्र श्रीवास्तव, प्रमोद पाण्डेय, शिवानन्द शुक्ला, हेमन्त कुमार और अम्बरीश कुमार शर्मा शामिल हैं। इनमें अनिल कुमार और प्रमोद पाण्डेय को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

25 जुलाई के बाद LDA खुद गिराएगा इमारत

उधर, अग्निकांड वाली इमारत को गिराने का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। भवन स्वामी को ध्वस्तीकरण की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बावजूद अब तक करीब 10 फीसदी हिस्सा ही तोड़ा जा सका है।

एलडीए ने भवन स्वामी को 25 जुलाई तक इमारत पूरी तरह ध्वस्त करने का समय दिया है। यदि तय समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं हुआ तो एलडीए खुद कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से इमारत को ध्वस्त करेगा।

अन्य विभागों पर भी कार्रवाई का इंतजार

अलीगंज अग्निकांड के बाद एलडीए के कई अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। हालांकि, विद्युत सुरक्षा विभाग, पावर कॉरपोरेशन और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही अभी तय नहीं हुई है।

माना जा रहा है कि विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों और भवन की तकनीकी स्थिति से जुड़ी जांच पूरी होने के बाद अन्य विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। जांच के बाद ही हादसे के पीछे की पूरी वजह और जिम्मेदारी की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular