लखनऊ के इको गार्डन में शनिवार को आजाद समाज पार्टी का धरना-प्रदर्शन जारी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी धरना स्थल पर पहुंच गए हैं। उनके पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार इको गार्डन पहुंच रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर कार्यकर्ता ‘भीम क्रांतिकारी’ के नारे लगा रहे हैं।
आजाद समाज पार्टी का यह प्रदर्शन छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, पेपर लीक के मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही लाठीचार्ज में घायल छात्रों को मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है।
धरना स्थल पर पहुंचे अभ्यर्थी हाथों में ‘परीक्षा का पेपर ले लो’ जैसे स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे हैं। वहीं, मंच पर कार्यकर्ता डफली बजाकर नारेबाजी कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल पार्टी नेता आदिल ने कहा कि ‘इस सरकार का गुरूर Gen Z तोड़ेगा।’ वहीं, प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक ने कहा कि लखनऊ का इको गार्डन अब दिल्ली के जंतर-मंतर की तरह बन गया है, जहां लोग अपनी आवाज उठाने के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रदेश महासचिव अनिकेत धनुक ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाना गलत है। पार्टी लगातार तीसरे दिन आंदोलन कर रही है और शनिवार को चंद्रशेखर आजाद भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।
