HomeUncategorizedरणबीर कपूर ने ‘धूम 4’ की अटकलों पर लगाया विराम, बोले- अभी...

रणबीर कपूर ने ‘धूम 4’ की अटकलों पर लगाया विराम, बोले- अभी ‘रामायण’ और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ पर कर रहा हूं काम

रणबीर कपूर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म को लेकर देश ही नहीं, विदेशों में भी प्रमोशनल इवेंट किए जा रहे हैं और इसे ग्लोबल स्तर पर रिलीज करने की तैयारी चल रही है। इसी बीच एक इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी खुलकर बात की और ‘धूम 4’ में काम करने की अटकलों पर विराम लगा दिया।

रणबीर ने बताया कि फिलहाल वह ‘रामायण’ के साथ एक और बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “नहीं, अभी मैं ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ नाम की एक और फिल्म पर काम कर रहा हूं। इसे संजय भंसाली डायरेक्ट कर रहे हैं।” रणबीर के इस बयान से साफ हो गया है कि फिलहाल उनका फोकस इन दोनों फिल्मों पर है।

‘लव एंड वॉर’ में नजर आएंगे रणबीर

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही ‘लव एंड वॉर’ को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल के नजर आने की चर्चा है। फिल्म की आधिकारिक घोषणा के मुताबिक इसकी रिलीज डेट 21 जनवरी 2027 बताई गई है।

‘धूम 4’ में काम करने की अटकलों पर लगा ब्रेक

काफी समय से चर्चा थी कि रणबीर कपूर ‘धूम’ फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म में नजर आ सकते हैं। हालांकि, अभिनेता के ताजा बयान के बाद इन अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। रणबीर ने ‘धूम 4’ का कोई जिक्र नहीं किया और अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स के बारे में ही जानकारी दी।

इसी तरह रणबीर के ‘एनिमल पार्क’ में नजर आने को लेकर भी लंबे समय से चर्चा है। यह फिल्म उनकी 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ का सीक्वल बताई जा रही है, जिसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर सकते हैं। हालांकि, इस इवेंट में रणबीर ने इस प्रोजेक्ट को लेकर भी कोई जानकारी नहीं दी।

‘रामायण’ को लेकर चल रही जोरदार तैयारियां

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही ‘रामायण’ को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। फिल्म को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचाने की योजना है। फिल्म के प्रमोशन के लिए दिल्ली से लेकर विदेशों तक इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं।

फिल्म के पहले पार्ट को दिवाली के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है। वहीं, इसके ट्रेलर को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह है। हालांकि, ट्रेलर की रिलीज को लेकर पहले सामने आई तारीख में बदलाव की खबरें भी सामने आई हैं। अब फैंस को रणबीर कपूर की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की पहली झलक का बेसब्री से इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular