Homeउत्तर प्रदेशशिक्षक को पीटने के बाद चौकी प्रभारी को थप्पड़ मारने वाला आरोपी...

शिक्षक को पीटने के बाद चौकी प्रभारी को थप्पड़ मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह

बहेड़ी थाना क्षेत्र में शिक्षक से मारपीट के बाद पुलिस चौकी में हंगामा, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों से अभद्रता व मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, शीशगढ़ थाना क्षेत्र के पुनुनागर निवासी शिक्षक कुलदीप सिंह ने पढ़ाई न करने पर छात्र रोहित को थप्पड़ मार दिया था। इससे नाराज छात्र ने अपने साथियों संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के साथ मिलकर उनई मकरूका गांव के पास शिक्षक को कथित तौर पर घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान शिक्षक के साथ मौजूद दो महिला शिक्षिकाओं से भी अभद्रता की गई।

समझौते के दौरान चौकी में हुआ हंगामा

घटना के बाद शिक्षक शिकायत लेकर नारायण नगला पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी प्रभारी अंकित सिंह बघेल ने दोनों पक्षों और उनके परिजनों को बुलाकर मामले में समझौता कराने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी पक्ष ने चौकी परिसर में गाली-गलौज और हंगामा शुरू कर दिया।

आरोप है कि विवाद के दौरान चौकी में तोड़फोड़ की गई और एक आरोपी ने चौकी प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान चौकी प्रभारी को थप्पड़ मारने का भी आरोप है। घटना में हेड कांस्टेबल कपिल कुमार और ओवेंद्र के घायल होने की बात सामने आई है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने दर्ज मुकदमों में कार्रवाई करते हुए रविवार को बहेड़ी के उनई मकरूका निवासी संजय सिंह पुत्र धारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दो एफआईआर दर्ज

शिक्षक कुलदीप सिंह की तहरीर पर रोहित, संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, चौकी प्रभारी अंकित सिंह बघेल की ओर से सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला, धमकी, तोड़फोड़ और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि चौकी पर पहुंचे आरोपी पहले आपस में विवाद करने लगे थे। पुलिस ने जब मामले में हस्तक्षेप किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular