भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर के सभी 2515 बूथों पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न बूथों पर एकत्र होकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

लखनऊ उत्तर विधानसभा के बूथ संख्या-200 पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं कैंट विधानसभा के बूथ संख्या-92 पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उत्तर विधानसभा के बूथ संख्या-389 पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, प्रदेश मंत्री महामेधा नागर सहित कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।
हलवासिया कोर्ट स्थित बूथ संख्या-234 पर प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कुमार कोरी, सुधीर हलवासिया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर स्थानीय लोगों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता की।

