Homeउत्तर प्रदेशओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजभर ने सपा-कांग्रेस गठबंधन, पीडीए और मुस्लिम वोट बैंक को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को अखिलेश यादव का ‘बॉस’ बताते हुए भी तंज कसा।

सीट बंटवारे को लेकर सपा-कांग्रेस पर निशाना

ओपी राजभर ने कांग्रेस और सपा के बीच संभावित सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 200 से अधिक सीटों की मांग करती है तो अखिलेश यादव के सामने उसे मनाने की बड़ी चुनौती होगी। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अब यूपी में कांग्रेस ‘बीस’ और सपा ‘उन्नीस’ रह गई है।

PDA और मुस्लिम वोट बैंक पर भी साधा निशाना

राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के हाथ से पीडीए निकल चुका है और अब मुस्लिम वोट बैंक भी उसके साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को सपा की राजनीति से अब कोई ठोस उम्मीद नजर नहीं आ रही है। राजभर ने इसी के जरिए अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति पर सवाल खड़े किए।

ट्विटर और एसी-पीसी छोड़कर जमीन पर काम करें’

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव को सोशल मीडिया और एसी कमरों की राजनीति छोड़कर जमीन पर उतरने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट का दौरा करना चाहिए और आजमगढ़ में गैर-यादव पिछड़े वर्ग के लोगों पर भी ध्यान देना चाहिए।

राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भी कसा तंज

ओपी राजभर ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन में अखिलेश यादव की मौजूदगी को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि अखिलेश यादव किस हैसियत से वहां ‘नून डालकर भंडारी’ बनने पहुंचे थे। राहुल गांधी के सड़क पर प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव की मौजूदगी को लेकर राजभर ने उन पर जमकर निशाना साधा।

राहुल गांधी को बताया अखिलेश यादव का ‘बॉस’

राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से वह और उनके ‘बॉस’ संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से अपने सांसदों के साथ-साथ राहुल गांधी से भी संसद की कार्यवाही चलने देने की अपील करने को कहा।

राजभर ने तंज कसते हुए राहुल गांधी को अखिलेश यादव का ‘बॉस’ बताया और कहा कि हाल के दिनों में राहुल गांधी ने कई बार यह साबित किया है कि ‘बॉस आखिर बॉस होता है।’

ओम प्रकाश राजभर के लगातार सामने आ रहे इन बयानों को यूपी की सियासत में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। राजभर पिछले कुछ समय से लगातार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमलावर हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular