Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर -इंटर कॉलेज में बिजली-पानी की बदहाली पर छात्रों का प्रदर्शन, प्रिंसिपल...

फतेहपुर -इंटर कॉलेज में बिजली-पानी की बदहाली पर छात्रों का प्रदर्शन, प्रिंसिपल पर अभद्र व्यवहार का आरोप

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से नाराज छात्रों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने विद्यालय में बिजली और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।

जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्र विद्यालय परिसर में एकत्र हुए और अपने हाथों में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा उन्हें शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। छात्रों का कहना है कि इन अव्यवस्थाओं के कारण उनकी पढ़ाई और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विद्यालय प्रशासन से नियमित बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी समस्याएं स्कूल प्रशासन के सामने रखीं तो प्रिंसिपल की ओर से उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। छात्रों ने प्रिंसिपल और स्कूल स्टाफ के खिलाफ भी नाराजगी जताई।

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई और विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। छात्रों का कहना है कि बेहतर शिक्षा का माहौल तभी बनाया जा सकता है, जब स्कूल में बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों।

सोशल मीडिया पर ‘Gen-Z’ और ‘Gen-Alpha’ की चर्चा

छात्रों के इस प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोग इस प्रदर्शन को नई पीढ़ी के युवाओं की बढ़ती जागरूकता और अपनी मांगों के लिए आवाज उठाने से जोड़कर देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि जहां हाल के कुछ छात्र आंदोलनों को Gen-Z से जोड़कर देखा गया, वहीं अब स्कूल स्तर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को Gen-Alpha से जोड़कर चर्चा की जा रही है।

हालांकि, फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा विद्यालय में बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी बताया जा रहा है। छात्रों की मांगों और उनके आरोपों को लेकर विद्यालय प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular