राजधानी में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग और ठगी का गंभीर मामला सामने आया है।
हसनगंज क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद एक युवक ने कथित तौर पर उसकी निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर 36 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 60 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता श्याममणि तिवारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में उनकी बेटी की इंस्टाग्राम पर वंश नाग नाम के युवक से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने विश्वास जीतकर किशोरी का स्नैपचैट आईडी और पासवर्ड हासिल कर लिया। आरोप है कि इसके बाद उसने निजी तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पोर्टर ऐप से मंगवाए जेवर और नकदी
परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने धमकी देकर किशोरी से पोर्टर ऐप के जरिए कई किश्तों में करीब 58 हजार रुपये नकद मंगवाए और 2 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कराए। इतना ही नहीं, अप्रैल से जून 2026 के बीच उसने घर से 36 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने पास मंगवा लिए। इनमें सोने की अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट और तीन मंगलसूत्र शामिल बताए गए हैं।
शिकायत पर वायरल करने की धमकी
जब घर से नकदी और जेवर गायब होने पर परिजनों ने पूछताछ की तो किशोरी ने पूरी घटना बताई। आरोप है कि पिता द्वारा सामान लौटाने की बात कहने पर आरोपी ने मिलने से इनकार कर दिया और पुलिस में शिकायत करने पर निजी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपी ने किशोरी के नाम से फर्जी ईमेल आईडी और सोशल मीडिया अकाउंट भी बना रखे हैं।
पुलिस कर रही डिजिटल जांच
एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया अकाउंट, बैंक ट्रांजैक्शन और पोर्टर डिलीवरी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
