सावन माह की शुरुआत के साथ राजधानी लखनऊ पूरी तरह शिवमय हो गई है। गुरुवार सुबह भोर से ही शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
इस वर्ष सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिनमें पहला सोमवार 3 अगस्त को है। इसे देखते हुए मंदिर समितियों और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मनकामेश्वर मंदिर, बुद्धेश्वर महादेव, कोनेश्वर महादेव, चंद्रिका देवी परिसर स्थित शिव मंदिर, खाटू श्याम परिसर के शिवालय समेत शहर के अन्य प्राचीन मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार और पार्षदों के साथ चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

पहले सावन सोमवार पर विशेष व्यवस्था
मंदिर समितियों के अनुसार 3 अगस्त को पहले सावन सोमवार पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, अलग-अलग दर्शन लाइनें और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
ट्रैफिक प्लान आज से लागू
सावन के दौरान मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, सिद्धनाथ और कोनेश्वर महादेव मंदिरों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात में बदलाव किए गए हैं, जबकि आपातकालीन सेवाओं को छूट रहेगी। किसी भी समस्या की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम से सहायता ली जा सकेगी।

कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा बढ़ी
हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और स्थानीय घाटों से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं। जगह-जगह सेवा शिविर और सहायता केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।
पूजा सामग्री के बाजारों में रौनक
सावन शुरू होते ही शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, रुद्राक्ष, पूजा सामग्री और मिट्टी के पात्रों की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखने को मिल रही है। मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, चौक और हजरतगंज क्षेत्र में पूजा सामग्री की बिक्री में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
