Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर सीएम योगी के निर्देश,...

यूपी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर सीएम योगी के निर्देश, 5 करोड़ घरों पर फहराया जाएगा तिरंगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस वर्ष अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के गौरवशाली इतिहास से हर नागरिक को जोड़ने का जन आंदोलन है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, राशन की दुकानों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित सामाजिक संगठनों में तिरंगा फहराया जाए।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में प्रदेश के 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस बार लक्ष्य बढ़ाकर 5 करोड़ घरों का रखा गया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, उपलब्धता और समय पर वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादकों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

सीएम योगी ने कहा कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराया जाए। इसके अलावा तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिताएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान और प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हवाई अड्डों तथा सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर के शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर विशेष आयोजन होंगे। स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि कार्यक्रमों में पुलिस बैंड की भी सहभागिता रहेगी।

मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को मनाए जाने वाले ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों में विशेष प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के विभाजन की त्रासदी, लाखों लोगों के विस्थापन और राष्ट्रीय एकता के महत्व से परिचित कराया जाए। इस दौरान विभाजन से प्रभावित परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में परिचर्चा और विचार गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular