Homeउत्तर प्रदेशश्रावण के पहले दिन काशी पहुंचे सीएम योगी, बाबा काल भैरव और...

श्रावण के पहले दिन काशी पहुंचे सीएम योगी, बाबा काल भैरव और विश्वनाथ का किया पूजन

श्रावण मास के प्रथम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी पहुंचकर बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि तथा लोक कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गर्भगृह में प्रवेश कर षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया।

श्रावण मास के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे श्रावण मास के दौरान सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता और अन्य सभी व्यवस्थाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए।

मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिन पहले गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भी बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए थे। इस अवसर पर विधायक नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular