रिपोर्ट -अजयपाल यादव
जिले के उघैती कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। देर रात अज्ञात चोरों ने उघैती विद्युत केंद्र को निशाना बनाते हुए एक मोबाइल फोन और एक बाइक चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कस्बे में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त भी नहीं करती और थाने की दोनों पुलिस गाड़ियां पूरी रात थाना परिसर में ही खड़ी रहती हैं।।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस रात चोरी की घटना हुई, उस समय उघैती थाने में रिटायरमेंट पार्टी चल रही थी। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से मामले में जांच की बात कही जा रही है।
