प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों सोशल मीडिया पर नए अंदाज़ में युवाओं से संवाद कर रहे हैं। 23 जुलाई से 31 जुलाई के बीच उन्होंने इंस्टाग्राम पर पांच सेल्फी वीडियो साझा किए हैं। खास बात यह है कि देर रात पोस्ट किए गए इन वीडियो को भी कुछ ही समय में लाखों व्यूज़ मिल रहे हैं।
इन वीडियो संदेशों में प्रधानमंत्री ने परीक्षा सुधार, पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, युवाओं से संवाद, गलतियों को माफ करने और सकारात्मक सोच जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी है। हाल ही में जारी वीडियो में उन्होंने दांत और जीभ का उदाहरण देते हुए कहा कि मतभेद जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन रिश्तों और संवाद को बनाए रखना जरूरी है।
पांच वीडियो, पांच अलग संदेश
23 जुलाई को जारी पहले वीडियो में प्रधानमंत्री ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लाने का संदेश दिया। इसके बाद 24 जुलाई के वीडियो में उन्होंने युवाओं और समर्थकों का धन्यवाद किया। 26 जुलाई को परीक्षा सुधारों के लिए टास्क फोर्स के गठन की जानकारी दी, जबकि 30 जुलाई को लोक परीक्षा संशोधन विधेयक के जरिए पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। 31 जुलाई के वीडियो में उन्होंने गुमराह होकर अपशब्द बोलने वाले बच्चों को माफ करने की बात कही और समाज में सकारात्मक संवाद का संदेश दिया।
बदला हुआ डिजिटल अंदाज़
प्रधानमंत्री पहले एक्स, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए संवाद करते रहे हैं, लेकिन इस बार इंस्टाग्राम पर लगातार सेल्फी वीडियो पोस्ट कर उन्होंने युवाओं, खासकर Gen-Z से सीधे जुड़ने की कोशिश की है। इन वीडियो में उनका सहज और अनौपचारिक अंदाज़ लोगों का ध्यान खींच रहा है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी सक्रियता
प्रधानमंत्री के इन वीडियो को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में देखा और साझा किया जा रहा है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पहल युवाओं तक सीधे पहुंचने और डिजिटल माध्यम से संवाद को मजबूत करने की नई रणनीति के तौर पर देखी जा रही है।
