दिल्ली में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम से कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में अब विकास की नई सोच के साथ काम हो रहा है और एयरपोर्ट का नामकरण भी अब केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले अधिकांश एयरपोर्ट एक ही परिवार के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन एनडीए सरकार ने इस परंपरा को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब में एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया। इसी क्रम में भोगापुरम एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।
पीएम मोदी ने नए एयरपोर्ट को आंध्र प्रदेश की आर्थिक प्रगति का रनवे और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्च पैड बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में रेल, सड़क, बंदरगाह और हवाई संपर्क को तेजी से मजबूत कर रही है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 तक देश में केवल 74 एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 166 हो गई है। उन्होंने कहा कि उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों के लोगों के लिए भी हवाई यात्रा सुलभ बनाई गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ब्लू इकोनॉमी और कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर के विकास पर विशेष जोर दे रही है। विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक पुराने बंदरगाहों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जबकि मुलापेटा और रामायापट्टनम में नए पोर्ट विकसित किए जा रहे हैं।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी नेतृत्व में एनडीए सरकार आंध्र प्रदेश के विकास को दोगुनी गति से आगे बढ़ा रही है।
