Homeउत्तर प्रदेश71 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, ट्रक चालकों को बेचने की...

71 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, ट्रक चालकों को बेचने की फिराक में था आरोपी

रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह

बरेली। फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 71 ग्राम अवैध स्मैक और एक कीपैड मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 की रात थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त, वांछित अभियुक्तों की तलाश और अपराध नियंत्रण अभियान पर थी। इसी दौरान टिसुआ चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि प्रधान ढाबा के सामने निकसुआ कट पर एक व्यक्ति ट्रक चालकों को स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 71 ग्राम अवैध स्मैक और एक फिरोजी रंग का कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी की पहचान वसीम खान पुत्र नवी रजा उर्फ लल्ला, निवासी मोहल्ला ठिरिया निजावत खां, कैंट, बरेली के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular