लखनऊ। उत्तर प्रदेश को करों के बंटवारे (टैक्स डिवोल्यूशन) की अग्रिम किस्त के रूप में 19,208 करोड़ रुपये जारी किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि समय पर मिला यह सहयोग सहकारी संघवाद की भावना को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सहायता राज्य के विकास को नई गति देगी।
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से उत्तर प्रदेश की वित्तीय क्षमता और मजबूत होगी। इससे विकास परियोजनाओं, आधारभूत संरचना के निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से उत्तर प्रदेश को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
