Homeउत्तर प्रदेशसावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुई लखनऊ, मनकामेश्वर-बुद्धेश्वर मंदिरों में उमड़ा...

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुई लखनऊ, मनकामेश्वर-बुद्धेश्वर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुई लखनऊ, मनकामेश्वर और बुद्धेश्वर महादेव मंदिरों में भोर से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बारिश के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु रात से ही मंदिरों के बाहर कतारों में खड़े नजर आए और सुबह मंगला आरती के बाद भगवान शिव के दर्शन व जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ।

राजधानी के गोमती तट स्थित प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर में तड़के विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार आरती के बाद कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। हजारों भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, शहद और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज और शिव भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए। कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे, जबकि कांवड़िए भी भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे।

बुद्धेश्वर महादेव का भोर से पूजन किया जा रहा है।

बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह चार बजे से विशेष अभिषेक और पूजन का क्रम शुरू हो गया। भगवान शिव को विभिन्न नैवेद्य अर्पित किए गए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष आरती संपन्न हुई। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

सावन के पहले सोमवार को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मंदिर परिसरों और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया।

मनकामेश्वर महादेव की शृंगार आरती की गई। उसके बाद कपाट खोल दिए गए।
गोमती नदी के किनारे स्थित मनकामेश्वर मंदिर लखनऊ के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिरों में गिना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना भगवान शिव पूरी करते हैं। यही कारण है कि सावन के पूरे महीने, विशेषकर सोमवार के दिन, यहां दूर-दराज से लाखों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और भगवान शिव से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और देश की उन्नति की कामना की। पूरे दिन शिवालयों में दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular