रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
सावन के पहले सोमवार पर ताज नगरी आगरा पूरी तरह शिवमय नजर आई। शहर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष रूप से राजेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
भोर से ही श्रद्धालु हाथों में जल, बेलपत्र, धतूरा और दूध लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।
राजेश्वर महादेव मंदिर के महंत गोविंद पाराशर ने बताया कि यह मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। उनका कहना है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से यहां अपनी मनोकामना लेकर आता है, भगवान भोलेनाथ उसकी इच्छा अवश्य पूरी करते हैं।
उन्होंने बताया कि ताज नगरी आगरा के चारों दिशाओं में भगवान शिव के प्राचीन मंदिर विराजमान हैं, जिनका विशेष धार्मिक महत्व है। सावन के महीने में यहां श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
आगरा के अलावा फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़ और आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
